पाकिस्तान में भारत के नए चार्ज डी अफेयर्स डॉ. सत्यांजल पांडेय ने इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग का चार्ज संभाल लिया है।
उन्होंने शनिवार को वाघा-अटारी बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान में प्रवेश किया। वॉशिंगटन स्थित पाकिस्तानी पत्रकार फैसल अली शाह ने यह जानकारी दी है। डॉ. पांडेय ने इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग की चार्ज डी अफेयर्स (कार्यवाहक प्रमुख) गीतिका श्रीवास्तव की जगह ली है। गीतिका श्रीवास्तव पाकिस्तान में भारतीय उच्चायोग की प्रमुख बनने वाली पहली महिला थीं। वे शनिवार को अटारी-वाघा बॉर्डर के जरिए भारत लौट आईं।
डॉ. पांडेय ने पाकिस्तान में भारतीय उच्चायोग की जिम्मेदारी ऐसे समय में संभाली है, जब नई दिल्ली और इस्लामाबाद के बीच द्विपक्षीय संबंध खराब चल रहे हैं। 2019 में राजनयिक संबंधों का स्तर कम किए जाने के बाद से भारत ने पाकिस्तान में किसी उच्चायुक्त की नियुक्ति नहीं की है। अगस्त 2019 में भारत ने अनुच्छेद 370 के तहत जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म कर दिया था, जिसके बाद पाकिस्तान ने राजनयिक संबंध घटा दिए थे। तब से भारत ने पाकिस्तान में राजनयिक मिशन चार्ज डी अफेयर्स के नेतृत्व में चल रहे हैं।

