देशभर में NEET पेपर लीक को लेकर CJP के विरोध-प्रदर्शनों के बीच केंद्र सरकार ने वरिष्ठ IAS अधिकारी नरेश पाल गंगवार को भारत का नया उच्च शिक्षा सचिव नियुक्त किया है।
1994 बैच के राजस्थान कैडर के IAS अधिकारी गंगवार ने IIT रुड़की से BTech, IIT दिल्ली से MTech और राजस्थान विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में मास्टर्स किया है। इससे पहले वे पशुपालन एवं डेयरी विभाग के सचिव के रूप में कार्यरत थे।
वे विनीत जोशी की जगह लेंगे, जिन्हें पंचायती राज मंत्रालय भेजा गया है। हाल ही में उनके पास स्कूल शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी था। यह बदलाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा परीक्षा पेपर लीक मामलों में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के कुछ दिनों बाद हुआ, हालांकि सरकार ने तबादले को विवाद से नहीं जोड़ा है।
नई जिम्मेदारी के तहत गंगवार केंद्रीय विश्वविद्यालयों, IITs, NITs, UGC, छात्रवृत्तियों, रिसर्च प्रोग्राम्स और उच्च शिक्षा से जुड़ी नीतियों की निगरानी करेंगे। वहीं, टी.के. अनिल कुमार को स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग का नया सचिव बनाया गया है।
अब नई प्रशासनिक टीम के सामने NEP 2020 के लंबित सुधार, NTA से जुड़े बदलाव, NEET-CUET परीक्षा व्यवस्था, नियामकीय सुधार और उच्च शिक्षा में चल रहे कई अहम एजेंडे को आगे बढ़ाने की चुनौती होगी

