NEET पेपर लीक पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज के मुद्दे पर नरेंद्र मोदी सरकार को अपनी ही पार्टी के दिग्गज आलोचना का सामना करना पड़ा है. पूर्व मानव संसाधन मंत्री ने कहा है कि प्रदर्शन कर रहीं छात्राओं पर लाठीचार्ज बेहद पीड़ादायक है. उन्होंने कहा है कि सरकार को इसे कानून व्यवस्था के मुद्दे से इतर समझना चाहिए.
देश के पूर्व मानव संसाधन मंत्री और बीजेपी के मार्गदर्शक मंडल के सदस्य मुरली मनोहर जोशी ने जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर बल प्रयोग की तीखी निंदा की है. उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा है कि उन्हें य़ह देखकर अत्यन्त पीड़ा हुई है कि महिलाओं और युवतियों पर निर्मम बल प्रयोग किया गया.
उन्होंने कहा है कि यह देखना अत्यन्त पीड़ादायक है कि देश के विभिन्न भागों से आए युवा छात्र कई दिनों से नई दिल्ली की सड़कों पर एकत्रित हैं. उनकी चिंताएं और सरोकार वास्तविक हैं. इन्हें सहानुभूति तथा दूरगामी समाधान की दृष्टि से हल किया जाना चाहिए. मुझे पूरी आशा है कि इसे केवल कानूनी और व्यवस्था की समस्या के रूप में नहीं देखा जाएगा जिससे बलपूर्वक निपटा जाए. मुझे य़ह देखकर अत्यन्त पीड़ा हुई है कि महिलाओं और युवतियों पर निर्मम बल प्रयोग किया गया. बीजेपी के वरिष्ठ नेता ने लिखा है कि ऐसे बल के उपयोग से भारतीय समाज का बड़ा हिस्सा विकसित भारत के लक्ष्य से बहुत दूर चला जाएगा.

