लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के हॉस्टल में छात्रों को नॉनवेज नहीं मिलेगा।
यूनिवर्सिटी के किसी भी हॉस्टल में मेस के अंदर खाने में नॉनवेज नहीं बनाया जाएगा।
किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) ने सोमवार को सभी 18 हॉस्टल मेस में नॉनवेज पकाने और परोसने पर प्रतिबंध लगा दिया है।
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल और विश्वविद्यालयों की चांसलर आनंदीबेन पटेल ने हाल ही में निरीक्षण के दौरान स्वच्छता में कमियों को उजागर करने और कुछ हॉस्टलों में मांसाहारी भोजन तैयार किए जाने पर चिंता व्यक्त की थी, जिसके बाद ये कदम उठाया गया है। हालांकि छात्रों के खाने की पसंद पर पूरी तरह रोक नहीं लगाई गई है. अगर कोई छात्र नॉनवेज खाना चाहता है तो वह बाहर से मंगाकर या बाहर जाकर खा सकता है। KGMU के प्रवक्ता प्रो. के. के. सिंह ने कहा कि छात्र कल्याण डीन (dean of student welfare) ने राज्यपाल की टिप्पणियों के बाद मुख्य प्रॉक्टर से संपर्क किया और मौखिक रूप से निर्देश दिया कि हॉस्टल मेस में अब मांसाहारी भोजन नहीं पकाया या परोसा जाएगा। राज्यपाल पटेल ने KGMU के दीक्षांत समारोह में बताया था कि विश्वविद्यालय भवनों के निरीक्षण के दौरान तीन हॉस्टलों में मांसाहारी भोजन पकते हुए पाया था, हालांकि उन्होंने खुद प्रतिबंध लगाने का आदेश देने से परहेज किया था।

