देवभूमि हरिद्वार की पुण्यधरा पर स्थित श्री पंचदशनाम जूना अखाड़ा की गुरुगद्दी “श्रीहरिहर आश्रम, कनखल” में आज एक गरिमामय, प्रेरणादायी अवसर साकार हुआ, जब श्रीमत्परमहंस परिव्राजकाचार्य श्रोत्रिय ब्रह्मनिष्ठ जूनापीठाधीश्वर आचार्यमहामण्डलेश्वर अनन्तश्रीविभूषित पूज्यपाद श्री स्वामी अवधेशानन्द गिरि जी महाराज “पूज्य आचार्यश्री जी” से विभिन्न प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस पावन अवसर पर पुलिस महानिदेशक (इंटेलिजेंस) आदरणीय श्री अभिनव कुमार जी, मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका जी, जिलाधिकारी हरिद्वार श्री मयूर दीक्षित जी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री नवनीत भुल्लर जी, पुलिस अधीक्षक (क्राइम) श्रीमती निशा यादव जी तथा सिटी एस.पी. श्री अभय सिंह जी विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने श्रद्धा, विनम्रता और आत्मीय भाव से “पूज्य आचार्यश्री जी” का सान्निध्य प्राप्त किया।

इस अवसर पर अधिकारियों और “पूज्य आचार्यश्री जी” के मध्य आध्यात्मिक, सामाजिक एवं समसामयिक विषयों पर अत्यन्त सारगर्भित एवं सकारात्मक संवाद हुआ। इस अवसर पर “पूज्य आचार्यश्री जी” ने समाज में शान्ति, सद्भाव, नैतिकता और मानवीय मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन की आवश्यकता पर विशेष बल देते हुए कहा कि जब प्रशासनिक व्यवस्था और सामाजिक चेतना परस्पर समन्वित होकर कार्य करती हैं, तभी एक स्वस्थ, सुदृढ़, संवेदनशील और सशक्त राष्ट्र की आधारशिला दृढ़ होती है।

“पूज्य आचार्यश्री जी” ने लोककल्याण, जनसेवा और उत्तरदायित्वपूर्ण नेतृत्व को राष्ट्रनिर्माण का अनिवार्य आधार बताते हुए यह भी कहा कि प्रशासन केवल व्यवस्था का माध्यम न होकर जनविश्वास, न्याय और सेवा का सशक्त स्तम्भ भी है। जब शासन और समाज दोनों अपने-अपने कर्तव्यों का निर्वहन समर्पण, संवेदनशीलता और नैतिक दृष्टि से करते हैं, तब जनजीवन में वास्तविक समृद्धि, सुरक्षा और संतुलन स्थापित होता है।
श्री हरिहर आश्रम के दिव्य, शान्त एवं आध्यात्मिक वातावरण में सम्पन्न यह शिष्टाचार भेंट केवल औपचारिकता भर नहीं रही, अपितु यह सकारात्मक संवाद, मूल्याधिष्ठित चिन्तन और लोकमंगल के प्रति साझा संकल्प का एक प्रेरक एवं महत्त्वपूर्ण अवसर बन गई। यह मिलन प्रशासन, आध्यात्मिकता और जनसेवा के मध्य सुदृढ़ समन्वय का सुन्दर प्रतीक बनकर उपस्थित रहा।
इस अवसर पर प्रभु प्रेमी संघ के वरिष्ठ ट्रस्टी श्री महेन्द्र लाहौरिया जी, एन्सिएंट हेरिटेज फाउंडेशन के ट्रस्टी श्री रोहित माथुर जी, प्रसिद्ध समाजसेवी श्री सुमित अदलखा जी सहित आश्रम के कार्यकर्तागण उपस्थित रहे !

