2 दिन पहले देहरादून के अंदर बड़ी घटना घटी जिसमें हरियाणा के अंबाला की रहने वाली और देहरादून के श्री गुरु राम राय (SGRR) मेडिकल कॉलेज में एमएस (MS) की छात्रा डॉ. तन्वी के सुसाइड मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है।

मौत से पहले का आखिरी ऑडियो आया सामने…
HOD से कहा- ‘मैम! किस-किस को खुश करूँ?’


हरियाणा के अंबाला की रहने वाली और देहरादून के श्री गुरु राम राय (SGRR) मेडिकल कॉलेज में एमएस (MS) की छात्रा डॉ. तन्वी के सुसाइड मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है।

खुदकुशी से पहले डॉ. तन्वी ने अपनी विभाग अध्यक्ष (HOD) डॉ. प्रियंका गुप्ता के साथ हुई करीब आधे घंटे की बातचीत रिकॉर्ड की थी, जो अब सोशल मीडिया और मीडिया के सामने आई है।

“पापा! अब रिकॉर्डिंग दिखानी ही पड़ेगी”
डॉ. तन्वी के पिता ललित मोहन ने बताया कि 24 मार्च की रात बेटी से एक घंटा बात हुई थी। तन्वी बहुत परेशान थी और उसने रोते हुए कहा था, “पापा अब सहन नहीं हो रहा, बहुत परेशान हो गई हूँ। अब यह रिकॉर्डिंग मैनेजमेंट को दिखानी ही पड़ेगी।” पिता ने उसे ढांढस बंधाया और अंबाला से देहरादून के लिए निकल पड़े, लेकिन जब तक वे पहुँचे, तन्वी दुनिया छोड़ चुकी थी।

ऑडियो में छलका डॉ. तन्वी का दर्द
सामने आए ऑडियो में डॉ. तन्वी और HOD के बीच की तल्खी साफ सुनी जा सकती है:

तन्वी: “मैम, आप बताओ मैं किस-किस को खुश करूँ और कैसे? मैंने तो ऐसा कुछ भी नहीं किया।”

HOD: “आई एम नॉट टारगेटिंग यू, बस बता रही हूँ… तुमसे सब नाखुश हैं।”

तन्वी: “मैम, मैं जितनी इंट्रोवर्ट हूँ, दो से ज्यादा लोगों से इकट्ठे बात नहीं कर सकती। मुझे अपने स्पेस में रहना और काम करना पसंद है।”

पार्किंग में नहीं, सड़क किनारे मिली बेटी की कार
पिता ललित मोहन जब रात ढाई बजे देहरादून पहुँचे, तो पार्किंग में तन्वी की कार नहीं थी। तलाश करने पर पेट्रोल पंप के पास कार खड़ी मिली। मोबाइल की टॉर्च जलाकर देखा तो तन्वी ड्राइविंग सीट पर बेसुध थी। हाथ में कैनुला लगा था और करीब 100 एमएल की खाली बोतल पास पड़ी थी। पत्थर से शीशा तोड़कर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

करियर की ऊंचाई पर था ‘टॉपर’ का सफर
महज 25 साल की उम्र में मास्टर ऑफ सर्जरी (MS) पूरी करने वाली तन्वी बचपन से ही टॉपर रही थीं। इसी साल जुलाई में उनके फाइनल एग्जाम थे। परिवार का सपना था कि बेटी बड़ी डॉक्टर बनेगी, जिसके लिए माँ भी उनके साथ देहरादून में रह रही थीं।

HOD डॉ. प्रियंका गुप्ता पर FIR दर्ज
देहरादून पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर नेत्र विज्ञान विभाग की प्रमुख डॉ. प्रियंका गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पिता का आरोप है कि पुरानी HOD के जाने के बाद नई HOD तन्वी को नंबर काटने और फेल करने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थीं।

अंतिम विदाई में हर आँख नम
गुरुवार सुबह अंबाला सिटी के रामबाग में डॉ. तन्वी का अंतिम संस्कार किया गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और रिश्तेदार इस होनहार बेटी को विदाई देने पहुँचे। पिता ने भारी मन से बेटी की चिता को मुखाग्नि दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *